राजगढ़ में 108 एम्बुलेंस कर्मियों ने चलती गाड़ी में करवाया सुरक्षित प्रसव, माँ बेटा सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 15 अक्टूबर (हि.स.)। राजगढ़ क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों ने इंसानियत और कर्तव्यनिष्ठा की एक अनूठी मिसाल पेश की है। राजगढ़ से सोलन लौट रहे एंबुलेंस कर्मियों ने रास्ते में प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक महिला का सुरक्षित प्रसव करवाकर जच्चा और बच्चा दोनों की जान बचाई।

मिली जानकारी के अनुसार 108 एंबुलेंस के ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) शुभम तोमर और पायलट अरुण शर्मा एक मरीज को सोलन छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान धरजा के पास एक निजी वाहन (मारुति 800) में सवार परिजनों ने एंबुलेंस को रुकवाकर मदद की गुहार लगाई। गाड़ी में मौजूद एक महिला को अत्यंत गंभीर प्रसव पीड़ा हो रही थी, जिससे घबराए परिजनों को समझ नहीं आ रहा था कि क्या किया जाए।

परिस्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ईएमटी शुभम तोमर और पायलट अरुण शर्मा ने बिना एक पल गंवाए तुरंत मोर्चा संभाला। आपातकालीन चिकित्सा के अपने अनुभव और कौशल का परिचय देते हुए उन्होंने मौके पर ही सुरक्षित प्रसव कराया। उनकी इस त्वरित कार्रवाई और सटीक सूझबूझ से महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के तुरंत बाद जच्चा और नवजात दोनों को बेहतर देखभाल के लिए सुरक्षित रूप से सोलन अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story