राजगढ़ सिविल अस्पताल के शौचालय में मिला नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 22 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिले के राजगढ़ स्थित सिविल अस्पताल में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। अस्पताल के एक शौचालय में नवजात शिशु का शव मिलने से मानवता शर्मसार हुई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर गहन छानबीन शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे जब एक सफाई कर्मचारी रोजाना की तरह टॉयलेट की सफाई करने पहुंचा, तो उसने टॉयलेट सीट के भीतर कुछ फंसा हुआ देखा। गौर से देखने पर पता चला कि वह एक नवजात शिशु का शव था। इस खौफनाक मंजर को देखकर कर्मचारी के होश उड़ गए, जिसके बाद तुरंत अस्पताल प्रशासन और पुलिस को सूचित किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। बीएमओ राजगढ़, डॉ. उपासना शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह टॉयलेट में करीब 20 से 22 हफ्तों का एक भ्रूण/शिशु मृत अवस्था में मिला है। अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पुलिस को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है।

डीएसपी राजगढ़, विद्या चंद नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में यह 4 से 5 महीने का नर भ्रूण/शिशु पाया गया है। मामले की गहराई से जांच के लिए डीएनए सैंपल ले लिया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अस्पताल के ओपीडी/आईपीडी रिकॉर्ड के जरिए उस व्यक्ति तक पहुंचने की कोशिश कर रही है जिसने इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story