राजगढ़ में पानी के टैंक में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 19 मार्च (हि.स.)। जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ के तहत आने वाले चाखल डुगी सेर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पानी के टैंक में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

जैसे ही स्थानीय ग्रामीणों ने टैंक के भीतर शव को देखा, इसकी सूचना तुरंत गिरी पुल पुलिस चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम घटनास्थल पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया। फिलहाल, शव को शिनाख्त के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ के शव गृह में सुरक्षित रखवाया गया है।

प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के पास से ऐसा कोई भी दस्तावेज, मोबाइल या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान की जा सके। पुलिस आस-पास के पंचायतों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतक के परिजनों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई और कारण।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story