हरिपुर खोल क्षेत्र में मिला लापता व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 13 जून (हि.स.)। सिरमौर जिले के माजरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर खोल में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय बलजिंद्र सिंह निवासी रामपुर, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया कि बलजिंद्र सिंह पिछले कुछ दिनों से लापता था। पत्नी के निधन के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहता था तथा अत्यधिक शराब सेवन का आदी था।

प्रारंभिक जांच के दौरान शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या हिंसा के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story