डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, मंडी में 80वां स्वतंत्रता दिवस का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, मंडी में 80वां स्वतंत्रता दिवस का आयोजन


मंडी, 15 अगस्त (हि.स.)। डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जवाहर नगर, मंडी में भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में किया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं एआरओ, एचपी ज़ोन-सी, मंडी के. एस. गुलेरिया मुख्य अतिथि तथा वंदना गुलेरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी स्नेहमयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष गरिमा एवं प्रेरणा प्रदान की। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। तिरंगे के सम्मान में गूँजती देशभक्ति की स्वर-लहरियों ने समस्त परिसर को राष्ट्रीय गौरव की भावना से अनुप्राणित कर दिया।

इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, विविधता एवं राष्ट्रीय एकता का प्रभावशाली चित्र प्रस्तुत किया। समूहगान, हेड बॉय के प्रेरणादायी उद्बोधन तथा देशभक्ति कविता ने उपस्थित जनसमूह में देशप्रेम एवं कर्तव्यनिष्ठा का संदेश प्रसारित किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण इन्क्रेडिबल इंडिया : एक सांस्कृतिक रैम्प वॉक रहा। जिसमें विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों की वेशभूषा, परंपराओं एवं सांस्कृतिक वैभव का आकर्षक प्रदर्शन किया। इस प्रस्तुति ने ‘विविधता में एकता’ के भारतीय आदर्श को सजीव रूप में अभिव्यक्त किया।

इसके अतिरिक्त वृत्तचित्र प्रदर्शन, भारत की यात्रा पर चिंतन विषयक नाट्य प्रस्तुति तथा ऊर्जावान समूह नृत्य ने स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय उपलब्धियों एवं सांस्कृतिक समृद्धि को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अपने संबोधन में के. एस. गुलेरिया ने विद्यार्थियों को राष्ट्रनिर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा सत्यनिष्ठा, अनुशासन, परिश्रम, देशभक्ति एवं सेवा भाव जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय परिवार के समर्पित प्रयासों एवं विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि वंदना गुलेरिया ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक गौरव एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ बनाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story