डीएवी जवाहर नगर मंडी में हिंदी पखवाड़े का भव्य शुभारंभ, राजभाषा में कार्य करने का निर्देश
मंडी, 14 सितंबर (हि.स.)। हिंदी दिवस के अवसर पर डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जवाहर नगर मंडी में विद्यालय स्तर पर हिंदी पखवाड़े का भव्य शुभारंभ किया गया। जो 14 सितंबर से 28 सितंबर तक आगामी चौदह दिनों तक चलेगा। इस पखवाड़े का आरंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गय। जिसके उपरांत उन्होंने हिंदी विभाग के सभी अध्यापकों को इस आयोजन की बधाई दी। वहीं विद्यालय के सभी विभागों को यह निर्देश दिया कि इस दौरान प्रार्थना सभा से लेकर दिनभर की संपूर्ण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां राजभाषा हिंदी में ही संचालित की जाएं ताकि भाषा के प्रचार-प्रसार को गति मिल सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए हिंदी भाषा विभागाध्यक्ष मैडम शर्मिला ने बताया कि पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और सृजनात्मकता विकसित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें छठी कक्षा के ए और बी अनुभाग के लिए शब्द वृक्ष, सी और डी अनुभाग के लिए हिंदी स्लोगन लेखन, सातवीं कक्षा के ए और बी अनुभाग के लिए पर्यायवाची शब्दों की वर्ग पहेली, सी और डी अनुभाग के लिए मुहावरों की चित्रकथा, आठवीं कक्षा के सभी अनुभागों के लिए मेरी हिंदी मेरा समाचार और नौवीं कक्षा के सभी अनुभागों के लिए हिंदी साहित्य टाइमलाइन प्रतियोगिता शामिल है, साथ ही भाषण प्रतियोगिता, हिंदी अंताक्षरी और हिंदी कविता गायन जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

