डीएवी सीपीएस मंडी का शानदार प्रदर्शन, दसवीं की बोर्ड परीक्षा में रहा शत-प्रतिशत परिणाम

WhatsApp Channel Join Now
डीएवी सीपीएस मंडी का शानदार प्रदर्शन, दसवीं की बोर्ड परीक्षा में रहा शत-प्रतिशत परिणाम


मंडी, 17 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला में शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में अपनी धाक जमाते हुए डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जवाहर नगर मंडी ने सीबीएसई कक्षा दसवीं सत्र 2025–26 के परिणामों में एक बार फिर सफलता का परचम लहराया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है, जो संस्थान की अनुशासित शिक्षण प्रणाली और बेहतर शैक्षणिक माहौल का प्रमाण है।इस वर्ष विद्यालय से कुल 156 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे और सभी ने सफलतापूर्वक परीक्षा उत्तीर्ण की है।विद्यालय की गुणवत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 45 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। पूरी कक्षा का औसत गुणवत्ता सूचकांक 81.37 रहा।

परीक्षा परिणामों में रान्या शर्मा ने 96.8 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, कनिष्क मल्होत्रा 96.4 प्रतिशत अंक लेकर दूसरे और शंशीता गौतम 95.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इन विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने न केवल उनके अभिभावकों बल्कि पूरे विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है।

विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आदरणीय के.एस. गुलेरिया ने सभी विद्यार्थियों, अध्यापकों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने छात्रों के अथक परिश्रम और अनुशासित दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि इस सफलता के पीछे शिक्षकों का समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों का निरंतर सहयोग रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परिणाम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाएगा और उन्हें भविष्य में और भी बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story