मंडी के भिउली में गज्जण पहलवान स्मृति दंगल: अब्दुल गन्नी और सिद्धार्थ राव ने जीती माली

WhatsApp Channel Join Now
मंडी के भिउली में गज्जण पहलवान स्मृति दंगल: अब्दुल गन्नी और सिद्धार्थ राव ने जीती माली


मंडी, 20 अप्रैल (हि.स.)। मंडी जिला की बल्हघाटी के मलवाणा गांव से संबंध रखने वाले दिग्गज पहलवान गज्जण की पावन स्मृति में मंडी के भिउली स्थित भीमा काली माता मंदिर परिसर में भव्य दंगल का सफल आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक दंगल में हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 300 पहलवानों ने भाग लेकर अपने दमखम और कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे दिन चले इस आयोजन में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और हर मुकाबले पर दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य मुकाबला बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर वाला रहा, जिसमें चंबा के अब्दुल गन्नी ने अपनी शानदार तकनीक और ताकत का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। उनकी इस जीत पर उन्हें 16,000 रुपए की नकद राशि से सम्मानित किया गया।

वहीं कैथल के पीटी पहलवान ने भी शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन वह उपविजेता रहे और उन्हें 15,000 रुपए का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं छोटी माली वर्ग में भी मुकाबले बेहद रोचक रहे, जहां सुंदरनगर के उभरते हुए पहलवान सिद्धार्थ राव ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। उन्हें 11,000 रुपए की इनामी राशि प्रदान की गई। इस वर्ग में पट्टी के बादशाह पहलवान उपविजेता रहे, जिन्हें 10,000 रुपए से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी लवी सिंह भाटिया ने शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करते हैं और क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

दंगल कमेटी के प्रधान प्रकाश चंद, उप प्रधान महेंद्र सिंह तथा अन्य सदस्यों ने बताया कि गज्जण पहलवान की स्मृति में इस दंगल का आयोजन हर वर्ष इसी प्रकार धूमधाम से किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को पारंपरिक खेलों से जोड़ा जा सके। इस अवसर पर भीमा काली मंदिर कमेटी के प्रधान पुष्प राज शर्मा तथा परशुराम अवार्ड से सम्मानित डॉ. संजय यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। दंगल के सफल संचालन में मंडी के प्रसिद्ध पहलवान देव ने रेफरी की भूमिका निभाते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story