करंट लगने से 60 वर्षीय महिला की मौत, जांच शुरू
शिमला, 03 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के निरसू क्षेत्र में एक 60 वर्षीय महिला की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत करंट लगने से होने की बात सामने आई है। मामले की जांच भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 2 जुलाई को थाना रामपुर को सूचना मिली कि निरसू में एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां रुकमणी देवी (60), पत्नी स्वर्गीय चमन लाल, निवासी गांव चिलड़ी, डाकघर दत्तनगर, तहसील रामपुर, जिला शिमला, मृत अवस्था में मिलीं। वह गांव पीपलदार निवासी शिव कुमार के मकान के नीचे बनी सीढ़ियों के पास पड़ी थीं। मौके पर उनके दोनों बेटे और गांव के अन्य लोग भी मौजूद थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि रास्ते के किनारे एक केबल लाइन पड़ी थी, जिसमें लोहे की पतली तार लगी हुई थी। यह तार करीब आठ से नौ मीटर की दूरी पर बिजली के सर्विस वायर से जुड़ी हुई मिली। पुलिस का अनुमान है कि बारिश या किसी अन्य कारण से इस तार में करंट आ गया होगा। जांच के दौरान महिला के हाथ में भी वही तार लिपटी हुई मिली।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में महिला की मौत बिजली का करंट लगने से होना प्रतीत हो रहा है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

