नाहन-कुम्हारहट्टी एनएच  पर ढाबे में खूनी संघर्ष, शराब पीने से रोकने पर किया जानलेवा हमला

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 09 जुलाई (हि.स.)। कुम्हारहट्टी-नाहन नेशनल हाईवे पर दो-सड़का के पास एक ढाबे में मारपीट और हुड़दंग का एक मामला सामने आया है। ढाबे की छत पर शराब पीने से मना करने पर दो युवकों ने ढाबा संचालक के साथ गाली-गलौज की और उन पर हेलमेट से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पुलिस थाना नाहन ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को सौंपी शिकायत में मोहन लाल (निवासी गांव शनाड़ी, डाकघर जमटा, तहसील नाहन) ने बताया कि बीते 8 जुलाई की रात को वह अपने ढाबे शर्मा शुद्ध वैष्णो ढाबा (दो-सड़का, नाहन-कुम्हारहट्टी ) पर मौजूद थे। इसी दौरान अंशुमन (निवासी पंजाहल) और प्रदीप ठाकुर (निवासी गांव जेतक) उनकी दुकान पर आए और मैगी का ऑर्डर दिया। ऑर्डर देने के बाद दोनों आरोपी ढाबे की छत पर चले गए और वहाँ शराब का सेवन करने लगे।

शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने ढाबे की छत पर शराब पीने से साफ मना किया, तो दोनों युवक आगबबूला हो गए। वे दुकान के भीतर घुस आए और ढाबा संचालक के साथ सरेआम गाली-गलौज करने लगे। बहसबाजी इतनी बढ़ गई कि आरोपी अंशुमन ने अपने हाथ में पकड़े हेलमेट से मोहन लाल के सिर पर कई वार कर दिए। हेलमेट के जोरदार प्रहारों के कारण ढाबा संचालक को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता मोहन लाल के बयान के आधार पर आरोपी अंशुमन और प्रदीप ठाकुर के खिलाफ मारपीट तथा धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल करवाकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story