महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, सोने की बालियां छीनकर ले गया बदमाश

WhatsApp Channel Join Now
महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, सोने की बालियां छीनकर ले गया बदमाश


महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाला, सोने की बालियां छीनकर ले गया बदमाश


शिमला, 01 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में एक महिला की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर उसके कानों से सोने की बालियां छीनकर ले जाने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

कुमारसेन के दरोग गांव निवासी शिकायतकर्ता सीमा देवी (46) पत्नी प्रदीप चंद ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार सीमा देवी की सात साल की बेटी अंजली निजी स्कूल में यूकेजी में पढ़ती है। महिला सुबह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने और दोपहर करीब 1:35 बजे उसे स्कूल से घर लाने जाती है।

महिला ने शिकायत में बताया कि 31 अगस्त को वह पैदल अपने घर लौट रही थी। घर के पास पहुंचने पर एक व्यक्ति पीछे से उसके पास आया। उसके अनुसार व्यक्ति ने आधी बाजू की टी-शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। उसने दोनों हाथों से महिला की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। मिर्च पाउडर आंखों में पड़ने के बाद महिला को दिखाई देना बंद हो गया।

शिकायत के मुताबिक इसी दौरान व्यक्ति महिला के कानों से सोने की दोनों बालियां छीनकर ले गया। महिला ने बताया कि उसने ये बालियां करीब तीन साल पहले 20 हजार रुपये में खरीदी थीं। शिकायत मिलने के बाद कुमारसैन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वारदात की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story