जानलेवा हमला कर युवक को घायल करने वाला गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जानलेवा हमला कर युवक को घायल करने वाला गिरफ्तार


शिमला, 16 मई (हि.स.)। शिमला जिला के रोहड़ू में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल युवक का उपचार आईजीएमसी शिमला में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस थाना रोहड़ू में ये मामला शनिवार को दर्ज हुआ है।

मामले के अनुसार शिकायतकर्ता सूरज आंचल मूल रूप से नेपाल के जिला दांग रापती का रहने वाला है और वर्तमान में रोहड़ू बाजार स्थित मीट-मच्छी मार्केट के पास रह रहा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह शिकड़ी पुल रोहड़ू में पल्लेदारी का काम कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने शराब के नशे में उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने किसी नुकीली चीज से उसकी दाहिनी कमर और बाईं छाती पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पहले सिविल अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज जारी है।

मामले की सूचना मिलते ही रोहड़ू पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविंद पुत्र धन बहादुर, निवासी बड़ा खोली, मेहल कुना, जिला सुरिखेत, नेपाल, उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 126(2), 118(1) और 109(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story