मंडी के गोहर में नशे की ओवरडोज से गई एक और युवक की जान

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 06 जून (हि.स.)। मंडी जिले के गोहर उपमंडल के नेहरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गणई में शनिवार सुबह एक युवक की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल छा गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय देवन ठाकुर, पुत्र कुलदीप ठाकुर, निवासी गांव व डाकघर सुंगल, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। देवन ठाकुर होर्टीकल्चर कॉलेज थुनाग स्थित गुड़ाहरी में अंतिम वर्ष का छात्र था।

जानकारी के अनुसार देवन ठाकुर फरवरी माह से ग्राम पंचायत गणई के एक निजी मकान में किराए पर अकेला रह रहा था। सुबह उसकी माता ने मकान मालिक को फोन कर बताया कि उनका बेटा लगातार कॉल नहीं उठा रहा है और कमरे में जाकर उसकी कुशलक्षेम जांचने का आग्रह किया। जब मकान मालिक ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद दरवाजे को जोर से हिलाने पर वह खुल गया, जहां देवन ठाकुर अपने कमरे में मृत अवस्था में पाया गया।

घटना की सूचना तुरंत गोहर पुलिस को दी गई तथा परिजनों को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत करवाया गया। सूचना मिलते ही गोहर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस द्वारा परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगामी कानूनी कार्रवाई और विस्तृत जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

घटनास्थल पर होर्टीकल्चर कॉलेज के डीन पी एल शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी पहुंच गए हैं।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया की युवक के कमरे में नशा सेवन की सामग्री मिली है। उसे भी जांच के लिए भेजा गया हर। पुलिस ने फिलहाल मामले को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानते हुए जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है और वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है तथा स्थानीय लोग भी युवक की असामयिक मृत्यु से स्तब्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story