कालाअंब में दो पक्षों में खूनी झड़प, मस्जिद के कमरे में मारपीट के बाद क्रॉस एफआईआर दर्ज
नाहन, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिला सिरमौर के अंतर्गत आने वाले पुलिस थाना कालाअंब के तहत सिम्बलवाला गांव में दो पक्षों के बीच आपसी मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना काला आम्ब में दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है।
पहली शिकायत साहिल पुत्र रोशन अली, निवासी गांव सिम्बलवाला (डाकघर विक्रमबाग, तहसील नाहन) द्वारा दर्ज करवाई गई है। साहिल के अनुसार, बीते मंगलवार में करीब 11:55 बजे वह अपने गांव की मस्जिद में इमाम के पास गया हुआ था। इसी दौरान इस्तगफार, शाहरुख खान, आरिफ, ताज मोहम्मद, उसका बेटा आरिस और लाल दीन इमाम के कमरे में आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। झगड़ा बढ़ता देख जब साहिल को बचाने उसके पिता रोशन अली, पत्नी सुरैय्या, भाई राहिल और माता शाहीदा बेगम मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस घटना में साहिल, उसकी पत्नी सुरैय्या, पिता रोशन अली और माता शाहीदा बेगम को चोटें आई हैं।
वहीं, दूसरी शिकायत रोशनी पत्नी इस्तगफार, निवासी गांव सिम्बलवाला/सरकंडा वाला (डाकघर विक्रमबाग) द्वारा दर्ज करवाई गई है। रोशनी का आरोप है कि बीते कल करीब 11:45 बजे जब वह दुकान पर सामान लेने के लिए घर से बाहर निकली, तो गांव का ही रहने वाला साहिल अपनी स्कूटी को लहराते हुए वहां आया। रोशनी के मुताबिक, जब उसने साहिल को स्कूटी आराम से चलाने की बात कही, तो वह भड़क गया और स्कूटी वहीं खड़ी करके उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा, जिससे उसे चोटें आई हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस थाना कालाअंब में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

