सड़क निर्माण की मशीनों से डीजल चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सड़क निर्माण की मशीनों से डीजल चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 23 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के झाकड़ी थाना क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान निर्माण कंपनी की मशीनों से डीजल और उपकरण चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला 17 और 18 मार्च की मध्यरात्रि को ज्यूरी–सराहन मार्ग पर सामने आया था, जहां सड़क निर्माण में लगी मशीनरी से चोरी की घटना हुई थी। इस घटना के बाद 20 मार्च को पुलिस थाना झाकड़ी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान मौके पर खड़ी मशीनों जेसीबी, पोकलेन और टिप्पर से अज्ञात लोगों ने करीब 500 लीटर डीजल, तीन ग्रीस गन और अन्य उपकरण चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 71 हजार रुपये आंकी गई थी। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने ज्यूरी, बठारा, घराट और मझगांव क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया। फुटेज में कुछ संदिग्ध वाहनों और लोगों की गतिविधियां वारदात के समय आसपास के क्षेत्रों में देखी गईं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और आरोपी की पहचान गौरव नेगी निवासी गांव सनारसा के रूप में की।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गौरव नेगी पहले भी इस तरह की चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुका है। तकनीकी जांच के आधार पर उसकी लोकेशन सुन्नी क्षेत्र में पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आगे जांच में यह भी पता चला कि आरोपी तीन नाबालिग लड़कों के साथ सुन्नी क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी की घटना में भी शामिल पाया गया था, जहां उसे पहले ही संबंधित मामले में पकड़ा जा चुका था।

इसके बाद 21 मार्च को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव नेगी को जगातखाना (थाचवा) क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

जिला शिमला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते अपराधों पर रोक लगाई जा सके और ऐसे मामलों में जल्दी कार्रवाई संभव हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story