मंडी में ढेलू के पास स्कूटी दुर्घटना, चालक की मौत
मंडी, 27 मार्च (हि.स.)। मंडी पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग 154 पर जोगिंदरनगर के पास ढेलू में शुक्रवार को एक स्कूटी दुर्घटना में चालक की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जोगिंदनगर थाना के तहत आने वाले ढेलू में एक रेस्तरां के समीप एक स्कूटी एच पी सी 5947 जोगिंदरनगर से बैजनाथ की ओर जाते हुए पैरापिट से टकराई और उसके बाद चालक नावंग टंडूप पुत्र कर्मा छेटुप निवासी पालपुंग शेराबलिंग मोनास्टिक सीट गांव व डाकघर अप्पर भट्टू, तहसील बैजनाथ जिला कांगड़ा लगभग 40 फीट नीचे जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शी अंकुश कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से घायल को ढांक से निकाला और सड़क तक लाया। उसे तुरंत सिविल अस्पताल जोगिंदरनगर भेजा गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है। जोगिंदरनगर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 281 व 106 के तहत मामला दर्ज करके दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

