पंडोह में मिली लाश, फिसलने से मौत की आशंका

WhatsApp Channel Join Now


मंडी, 31 अगस्त (हि.स.)। मंडी कुल्लू के बीच पंडोह कस्बे में नेशनल हाइवे पर सोमवार को एक व्यक्ति की लाश नाली में पड़ी मिलने से सनसनी फैल गई। नेशनल हाइवे पर थर्ड बटालियन पंडोह के गेट के सामने नाली में औंधे मुंह पड़े देख लोगों ने इस बारे पंडोह पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर आकर लाश को अपने कब्जे में लिया। उसकी पहचान तारा चंद पुत्र जिंदू राम निवासी पंडोह के तौर पर हुई है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया में यह मौत रविवार की रात भारी बारिश के बीच पैर फिसलने से गिरने के कारण हुई लगती है। सीसीटीवी फुटेज में भी रात 10 बजे के करीब यह व्यक्ति चलते हुए फिसलता नजर आ रहा है। मृतक के बेटे देवेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पिता रविवार शाम को बाजार की तरफ गए थे लेकिन घर वापस नहीं आए। कई जगह फोन करके उनका पता किया मगर कोई जानकारी नहीं मिली।

पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम करवाया और उसे परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story