सीपीआईएम का मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन, बर्खास्तगी की मांग
शिमला, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सीपीआईएम लोकल कमेटी शिमला ने गुरुवार को जिलाधीश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और गिरफ्तार करने की मांग की। पार्टी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया रोकने, मतदाता सूचियों में पारदर्शिता बनाए रखने और जिन मतदाताओं के नाम एसआईआर के दौरान बाहर हुए हैं, उन्हें दोबारा शामिल करने की मांग भी उठाई। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारे लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के दो आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में 14 बार लिखित रूप से आपत्ति दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कई मामलों में दोनों आयुक्तों से चर्चा किए बिना निर्णय लिए। पार्टी ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और रिकॉर्ड अपडेट करने की शक्तियों को केंद्रीकृत करने का भी विरोध किया।
सीपीआईएम नेताओं ने आरोप लगाया कि नए मतदाताओं के लिए फॉर्म-6 में उनके माता-पिता या दादा-दादी के पुराने मतदाता रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी मांगी जा रही है। पार्टी का कहना है कि बड़ी संख्या में युवाओं के पास अपने पूर्वजों से जुड़े पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं और इससे उनके आवेदन प्रभावित हो रहे हैं। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि कानून में बदलाव किए बिना चुनावी सॉफ्टवेयर में परिवर्तन किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

