भोरंज के जिला परिषद प्रत्याशियों ने पूर्व मुख्यमंत्री धूमल से लिया आशीर्वाद
हमीरपुर, 06 मई (हि.स.)। भोरंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी चार जिला परिषद प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों सहित समीरपुर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल से शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर क्षेत्र में चुनावी माहौल को लेकर व्यापक चर्चा हुई और संगठन को और मजबूत करने पर बल दिया गया।
जिला परिषद प्रत्याशियों ने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आभारी हैं जिन्होंने उन्हें पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में चयनित कर उन पर विश्वास जताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने-अपने वार्डों में पूरी मेहनत, समर्पण और जनसंपर्क के बल पर विजय हासिल करेंगे और यह जीत प्रोफेसर धूमल की झोली में डालेंगे।
प्रत्याशियों ने कहा कि जनता का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है और वे विकास, पारदर्शिता एवं जनसेवा के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा कार्यकर्ताओं के परिश्रम और संगठन की मजबूती के आधार पर आगे बढ़ती है। उन्होंने प्रत्याशियों से अपेक्षा की कि वे जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाएं तथा ईमानदारी और सेवा भाव से कार्य करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करेंगे और पार्टी को मजबूत करेंगे। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी तथा डॉ. अनिल धीमान भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

