स्वादयुक्त धूम्ररहित तंबाकू उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने वाला मंडी बना प्रदेश का पहला जिला

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 29 जुलाई (हि.स.)। जन स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं को तम्बाकू की लत से बचाने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, मंडी अपूर्व देवगन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता , 2023 की धारा 163 के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण निवारक आदेश जारी किया है। इस आदेश के साथ मंडी स्वादयुक्त धूम्ररहित तंबाकू उत्पादों पर प्रतिबंध लगाने वाला हिमाचल प्रदेश का पहला जिला बन गया है। यह निर्णय जनस्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है

। आदेश के अनुसार जिला मण्डी की सीमा में ऐसे सभी स्वादयुक्त धूम्ररहित तम्बाकू उत्पाद, जिनमें स्वाद, सुगंध, ठंडक अथवा अन्य फ्लेवरिंग एजेंट मिलाकर उन्हें अधिक आकर्षक बनाया गया हो। उनके भंडारण, परिवहन, वितरण, आपूर्ति, विक्रय के लिए प्रदर्शन एवं बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश कूल लिप फिल्टर टोबैको सहित इसी प्रकार के सभी स्वादयुक्त धूम्ररहित तम्बाकू उत्पादों पर लागू होगा। यह आदेश सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मंडी द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव, जिला स्तरीय उड़नदस्ता द्वारा की गई जांच, जब्ती कार्यवाही, राष्ट्रीय तंबाकू परीक्षण प्रयोगशाला , नोएडा की परीक्षण रिपोर्टों तथा उपलब्ध अन्य अभिलेखों के विस्तृत परीक्षण के उपरांत जारी किया गया है।

जांच के दौरान जिला स्तरीय उड़नदस्ता द्वारा 715 थोक पैकेट, जिनमें 10,725 खुदरा पाउच लगभग 68.96 किलोग्राम स्वादयुक्त तंबाकू उत्पाद बरामद किए गए। राष्ट्रीय तंबाकू परीक्षण प्रयोगशाला की रिपोर्ट में इन उत्पादों में मेंटॉल सहित विभिन्न फ्लेवरिंग एजेंट, एडिटिब्स एवं ह्यूमेक्टेंट्स की उपस्थिति पाई गई है। जो तंबाकू उत्पाद को अधिक स्वादिष्ट एवं आकर्षक बनाकर विशेष रूप से बच्चों, किशोरों एवं युवाओं में इसके सेवन तथा निकोटीन की लत की संभावना को बढ़ाते हैं।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि यह कदम केवल कानून के अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य की रक्षा में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा प्रतिबंधित उत्पादों के विरुद्ध निरंतर एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story