संविधान के मुद्दे पर कांग्रेस का केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च, भाजपा पर वोट चोरी का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
संविधान के मुद्दे पर कांग्रेस का केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च, भाजपा पर वोट चोरी का आरोप


शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को राजधानी शिमला में संविधान रक्षा मार्च निकाला। इस दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए भाजपा पर संविधान के मूल्यों को कमजोर करने, वोट चोरी और सरकारें गिराने के आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान की रक्षा करना देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इसके लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी।

संविधान रक्षा मार्च की शुरुआत चौड़ा मैदान स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चौड़ा मैदान से रिज मैदान तक मार्च निकाला। मार्च का समापन महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास हुआ। इसमें हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अस्वस्थ होने के कारण मार्च में शामिल नहीं हो सके।

मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगे और संविधान की प्रतियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने भाजपा पर संविधान के मूल्यों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट चोरी और चंदा चोरी के जरिए देश के लोगों को गुमराह कर रही है। ऐसी पार्टी को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। देश की जनता उसे सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार है। उन्होंने भाजपा पर महात्मा गांधी के हत्यारे की पूजा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर भाजपा संविधान की रक्षा नहीं कर सकती तो उसे सत्ता छोड़ देनी चाहिए।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी भाजपा पर संविधान को खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को भाजपा ने खत्म कर दिया है। भाजपा वोट चोरी और सरकारें चोरी करने का काम कर रही है। हिमाचल प्रदेश में भी सरकार को गिराने की पूरी योजना बनाई गई थी, लेकिन भाजपा इसमें कामयाब नहीं हो सकी।

अग्निहोत्री ने चुनाव आयोग पर भी केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने और लोगों के वोट काटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं करेगी। उनके अनुसार, संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story