रोहड़ू से यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर दिल्ली और हिमाचल पुलिस आमने-सामने

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र से तीन यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। हिमाचल पुलिस ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को नियमों के खिलाफ बताते हुए कड़ा रुख अपनाया है, जबकि दिल्ली पुलिस की टीम आरोपियों को लेकर आगे बढ़ रही थी।

जानकारी अनुसार दिल्ली पुलिस की टीम ने बुधवार तड़के करीब पांच बजे रोहडू उपमंडल के चिड़गांव क्षेत्र के एक निजी रिसोर्ट में दबिश देकर तीन युवकों को हिरासत में लिया। ये तीनों यूथ कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता हैं और दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रदर्शन में शामिल थे। ये युवक हिमाचल के स्थानीय निवासी नहीं हैं बल्कि बाहर से आकर प्रदेश में ठहरे हुए थे और पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे।

मामले ने तब तूल पकड़ा जब यह सामने आया कि दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले हिमाचल पुलिस को औपचारिक सूचना नहीं दी। हिमाचल पुलिस ने इसे प्रक्रिया का उल्लंघन माना। इसके बाद सोलन जिले के धर्मपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब दस बजे पुलिस ने नाका लगाकर शिमला की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान सोलन पुलिस ने दिल्ली पुलिस की टीम को रोक लिया। जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस के कुछ जवानों को हिरासत में लिया गया। उनके साथ पकड़े गए तीनों युवक भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई। हालांकि स्थानीय पुलिस अधिकारी इसे रूटीन प्रक्रिया बताते हुए औपचारिक टिप्पणी करने से बचते नजर आए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह स्वयं चक्कर स्थित अदालत परिसर पहुंचे। हिरासत में लिए गए तीनों यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शिमला की जिला अदालत में एसीजेएम कोर्ट नंबर-2 में पेश किया गया, जहां दिल्ली पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। खबर लिखे जाने तक अदालत में कार्यवाही जारी थी।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि एआई समिट के दौरान हुए प्रदर्शन के बाद ये तीनों कार्यकर्ता शिमला के रोहड़ू इलाके में एक होटल में छिपकर रह रहे थे। इससे पहले दिल्ली में हिमाचल सदन में भी आधी रात को दिल्ली पुलिस की रेड को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story