कांग्रेस में संगठन सृजन से शुरू हुआ नया दौर, कार्यकर्ताओं को मिलेगा नेतृत्व का मौका : विनय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस में संगठन सृजन से शुरू हुआ नया दौर, कार्यकर्ताओं को मिलेगा नेतृत्व का मौका : विनय कुमार


शिमला, 06 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी में अब एक नया दौर शुरू हो रहा है, जिसमें संगठन से जुड़े समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़कर नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन की प्रक्रिया के तहत नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सोच युवाओं को आगे लाने और पार्टी की नींव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

विनय कुमार ने शुक्रवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि राज्यसभा के लिए प्रदेश के एक कर्मठ कार्यकर्ता का चयन कर कांग्रेस आलाकमान ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की नई ऊर्जा और नई सोच आने वाले समय में पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे लाने के उद्देश्य से पीसीसी, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों, पार्टी प्रवक्ताओं, मीडिया पैनलिस्ट और अन्य पदों के चयन के लिए नई प्रक्रिया शुरू की है। इससे कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिल रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को सशक्त बनाने के लिए राहुल गांधी के प्रयासों को मजबूती देने का आह्वान किया।

वहीं, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी चेतन प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आम कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण को सम्मान दिया है। कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा को राज्यसभा के लिए नामित किया जाना इस बात का प्रमाण है कि पार्टी में पारदर्शिता और कार्यकर्ताओं को अवसर देने की परंपरा कायम है।

उन्होंने कहा कि अनुराग शर्मा 1990 के दशक से छात्र राजनीति में सक्रिय रहे हैं और लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। हाल ही में उन्हें कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था। उनकी निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story