परीक्षाओं के संचालन में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल, युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़ : विनय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
परीक्षाओं के संचालन में केंद्र सरकार पूरी तरह विफल, युवाओं के भविष्य से हो रहा खिलवाड़ : विनय कुमार


शिमला, 30 मई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विश्व गुरु बनाने के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन उनकी सरकार एक भी राष्ट्रीय परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सक्षम नहीं है।

उन्होंने नीट परीक्षा के बाद अब सीयूईटी (कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) में सामने आई तकनीकी खामियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद आश्चर्यजनक और दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि देश में लगातार परीक्षाएं विवादों और अव्यवस्थाओं का शिकार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और तकनीकी गड़बड़ियों के कारण परीक्षाओं को रद्द करना केंद्र सरकार की विफलता को दर्शाता है, जिसका खामियाजा देश के लाखों युवाओं को भुगतना पड़ रहा है।

विनय कुमार ने शनिवार को एक बयान में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अन्याय को किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

नगर निगम चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने 31 मई को घोषित होने वाले प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनाव परिणामों को लेकर भी विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि मंडी, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन नगर निगमों में कांग्रेस को स्पष्ट बढ़त मिलेगी और परिणाम पार्टी के पक्ष में आएंगे।

उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में कांग्रेस को जनता का व्यापक समर्थन मिला है, जिससे स्पष्ट है कि प्रदेश की जनता का विश्वास कांग्रेस के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में जनकल्याण और समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

विनय कुमार ने कहा कि भाजपा का प्रदेश विरोधी चेहरा अब पूरी तरह जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को हिमाचल प्रदेश के हितों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि आरडीजी बंद करवाकर भाजपा ने प्रदेश के साथ अन्याय किया है, जिसे प्रदेश की जनता कभी नहीं भूलेगी और आने वाले समय में भाजपा को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story