विधानसभा के अंदर व बाहर भाजपा का आचरण निंदनीय : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 19 मार्च (हि.स.)। विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा के आचरण पर प्रहार करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि भाजपा ने लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार करने का ठेका ले रखा है।

उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही प्रवेश द्वार तक नारेबाजी करना कोई विरोध नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं का सुनियोजित अपमान है। भाजपा एक खतरनाक परंपरा की नींव रख रही है, जहां बहस और तर्क की जगह शोर-शराबा और अराजकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

विनय कुमार ने वीरवार को तीखे शब्दों में कहा कि यह वही भाजपा है जो लोकतंत्र की दुहाई देती है, लेकिन व्यवहार में लोकतंत्र का गला घोंटने से भी पीछे नहीं हटती। सदन के बाहर नारे लगाकर सुर्खियां बटोरना आसान है, लेकिन सदन के भीतर प्रदेशहित के मुद्दों पर जवाब देना इनके बस की बात नहीं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का यह रवैया साफ दिखाता है कि वह जनता के मुद्दों से भाग रही है और अपने राजनीतिक दिवालियापन को छुपाने के लिए ड्रामा कर रही है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा बहस और नीतियों का मंच है, न कि सस्ती राजनीति का अखाड़ा। भाजपा ने जिस तरह से सदन की गरिमा को चोट पहुंचाई है, वह प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात है। जनता ने इन्हें विपक्ष की जिम्मेदारी दी है, लेकिन ये उस जिम्मेदारी से भागकर केवल नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story