विनय कुमार का केंद्र सरकार पर हमला, अभिव्यक्ति की आजादी दबाने का लगाया आरोप

WhatsApp Channel Join Now
विनय कुमार का केंद्र सरकार पर हमला, अभिव्यक्ति की आजादी दबाने का लगाया आरोप


विनय कुमार का केंद्र सरकार पर हमला, अभिव्यक्ति की आजादी दबाने का लगाया आरोप


शिमला, 26 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने वीरवार काे केंद्र की मोदी सरकार पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर रोक लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जहां सरकार के खिलाफ बोलने और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जा रही।

विनय कुमार ने कहा कि दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस के शांतिपूर्ण प्रदर्शन से केंद्र सरकार बौखला गई है और इसी कारण प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आलोचनाओं को दबाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन युवा कांग्रेस कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि यदि किसी राज्य में बिना सूचना दिए हिरासत में लेने की कोशिश की जाती है, तो यह संघीय ढांचे और राज्य की गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक प्रमुख पर्यटन राज्य है और इस प्रकार की घटनाओं से प्रदेश की छवि प्रभावित हो सकती है।

विनय कुमार ने कहा कि दिल्ली में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन प्रधानमंत्री की नीतियों के खिलाफ था। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडो-यूएस व्यापार समझौता देश के हितों के अनुरूप नहीं है और केंद्र सरकार आलोचना को सहन नहीं कर पा रही।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जाता, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस ने संकेत दिया है कि राहुल गांधी के मार्गदर्शन में देशभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story