भाजपा की महापदयात्रा वोट चोरी से ध्यान भटकाने की कोशिश : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 01 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को शिमला में भाजपा की ओर से निकाली गई महापदयात्रा को वोट चोरी के मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने की नाकाम कोशिश करार दिया। प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अब पार्टी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर देश के 13 करोड़ मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने का घोर पाप किया है। इसके लिए देश भाजपा को कभी माफ नहीं करेगा।

भाजपा की पदयात्रा के नारे ‘अराजकता हटाओ, देश बचाओ’ पर प्रतिक्रिया देते हुए जिंटा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा झूठ के सहारे राजनीति की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। राम मंदिर के नाम पर चंदा चोरी, लोकतंत्र में वोट चोरी और संविधान के साथ खिलवाड़ जैसे मामलों को लेकर देश की जनता अब भाजपा को बर्दाश्त नहीं करेगी।

जिंटा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को भाजपा के खिलाफ बड़े जन आंदोलन की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि इस रैली से देश में भाजपा के खिलाफ जनभावनाएं सामने आई हैं। अब भाजपा का सत्ता से बाहर होना निश्चित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story