कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बनाई रणनीति, धर्मशाला में 16-17 जुलाई को पीएसी बैठक

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बनाई रणनीति, धर्मशाला में 16-17 जुलाई को पीएसी बैठक


शिमला, 06 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कांग्रेस ने दो दिन तक शिमला में मंथन किया। बैठकों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल ने हिस्सा लिया। रजनी पाटिल ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और सरकार तथा संगठन के बीच बेहतर तालमेल के लिए कई फैसले किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि बैठकों में लगभग 85 प्रतिशत पदाधिकारियों ने भाग लिया।

रजनी पाटिल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक कनेक्ट सेंटर स्थापित किया गया है। यह केंद्र सीधे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) से जुड़ा रहेगा और संगठन की गतिविधियों, केंद्रीय नेतृत्व के कार्यक्रमों तथा महत्वपूर्ण सूचनाओं को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन को अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में कांग्रेस संगठन के महासचिव भी शामिल होंगे। बैठक में संगठन को मजबूत करने, सरकार के कामकाज और आगामी राजनीतिक रणनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

रजनी पाटिल ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रत्येक मंत्री को एक-एक जिले की जिम्मेदारी दी जाएगी। संबंधित मंत्री अपने जिले का नियमित दौरा करेंगे, लोगों की समस्याएं सुनेंगे, उनके समाधान का प्रयास करेंगे और सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा हर तीन महीने में की जाएगी और समय-समय पर बैठकें आयोजित होंगी।

राम मंदिर चंदा मामले से जुड़े सवाल पर रजनी पाटिल ने कहा कि यह गंभीर विषय है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए। मंत्री और एक कांग्रेस नेता के बीच चल रहे विवाद के संबंध में उन्होंने कहा कि पार्टी सभी मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास करेगी।

उन्होंने बताया कि मंत्री जगत सिंह नेगी बैठक में शामिल नहीं हुए, फिर भी उनसे बातचीत कर स्थिति सामान्य बनाने की कोशिश की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक का मामला कांग्रेस के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगा और पार्टी इस विषय पर देशभर में अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर चंदा मामले में सामने आए आरोपों पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को भी लगातार उठाती रहेगी।

प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कॉलेज छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है और युवा कांग्रेस इस मुद्दे को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखेगी। उनका कहना था कि छात्रसंघ चुनाव शुरू होने से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story