वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग


शिमला, 28 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को देश में कथित ‘वोट चोरी’ और मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटियों ने अपने-अपने जिलों में प्रदर्शन किए। शिमला में भी ग्रामीण और शहरी कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।

शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल और शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए और उन्हें पद से हटाने की मांग की गई।

कांग्रेस ने ज्ञापन में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर भी सवाल उठाए। पार्टी का आरोप है कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूचियों से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने इसे नागरिकों के मताधिकार से वंचित करने का प्रयास बताया और इस मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में नाम हटाए जाने से जुड़े मुद्दे उठाए और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल किए। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story