बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
शिमला, 25 मई (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी ने सोमवार को देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी के विरोध में उपायुक्त कार्यालय शिमला के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी के अध्यक्ष इंद्रजीत ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए इंद्रजीत सिंह ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अमृतकाल के बड़े-बड़े दावे करने वाली केंद्र सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये कैसा अमृतकाल है, केंद्र सरकार कंगाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए नए-नए राजनीतिक शिगूफे छोड़ रही है।
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है और आम जनता लगातार महंगाई का बोझ झेल रही है। उन्होंने कहा कि बीते 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार बार वृद्धि हुई है, जिससे परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने करीबी उद्योगपतियों और “मोदी के मित्रों” के कारनामों को छिपाने के लिए जनता को भ्रमित करने की राजनीति कर रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है और उसे देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक अस्थिरता के कारण आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव विनोद ज़िंटा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, कार्यकारी अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर, पूर्व महापौर आदर्श सूद सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई और ईंधन कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया तो पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

