नेहरू की दूरदर्शी सोच ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी : विनय कुमार

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 27 मई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बुधवार को स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में पंडित नेहरू का महान योगदान रहा है। स्वतंत्रता के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने आधुनिक भारत की जो मजबूत नींव रखी, उसी का परिणाम है कि आज भारत विश्व में एक महाशक्ति के रूप में जाना जाता है। उन्होंने देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक उल्लेखनीय कार्य किए।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि नेहरू जी की सोच आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित हुई। उन्होंने कहा कि देश की आजादी से लेकर नव निर्माण तक नेहरू जी का योगदान अविस्मरणीय है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता विनीत गौतम, एस.के. सहगल, नगर निगम शिमला के पार्षद चमन प्रकाश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने श्री रेणुकाजी में पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए कहा कि देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि नेहरू जी की दूरदर्शी सोच ने आधुनिक भारत को अपने पैरों पर खड़ा किया।

विनय कुमार ने कहा कि नेहरू बच्चों से बेहद प्रेम करते थे, इसलिए उन्हें चाचा नेहरू के नाम से भी जाना जाता है। वर्ष 1916 में महात्मा गांधी से मिलने के बाद वे उनके विचारों से गहराई से प्रभावित हुए और स्वतंत्रता आंदोलन में पूरी तरह सक्रिय हो गए। उन्होंने असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा इस दौरान 9 बार जेल गए।

उन्होंने कहा कि नेहरू ने देश में विज्ञान, तकनीक और उद्योगों को बढ़ावा दिया। उनके कार्यकाल में भाखड़ा-नंगल बांध, आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना हुई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने गुटनिरपेक्ष आंदोलन की नींव रखी और पंचशील सिद्धांत के माध्यम से शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का संदेश दिया।

विनय कुमार ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू एक दूरदर्शी नेता, समाजवादी विचारक और आधुनिक लोकतांत्रिक भारत की मजबूत नींव रखने वाले महान व्यक्तित्व थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story