नीट पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस 1-2 जून को सौंपेगी ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 29 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे देश में सीबीएसई परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं और नीट पेपर लीक मामले के विरोध में 1 या 2 जून को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ ज्ञापन सौंपें।

प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव विनोद ज़िंटा ने इस संबंध में सभी जिला अध्यक्षों से कहा है कि वे अपने-अपने जिलों के उपायुक्तों के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजें। ज्ञापन में देश की परीक्षा प्रणाली की अखंडता बनाए रखने में केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री की विफलताओं के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।

विनोद ज़िंटा ने कहा कि देशभर में लगभग 24 लाख छात्र नीट परीक्षा में शामिल हुए थे, लेकिन पेपर लीक विवाद और मूल्यांकन प्रक्रिया में लगातार सामने आई अनियमितताओं के कारण लाखों छात्रों और उनके परिवारों को भारी मानसिक तनाव और चिंता का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सीबीएसई तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, जिससे छात्रों और अभिभावकों का विश्वास बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, कुप्रबंधन और बार-बार सामने आ रही परीक्षा संबंधी अनियमितताएं देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में केंद्र सरकार की पूर्ण विफलता को दर्शाती हैं। ज़िंटा ने कहा कि अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय केंद्रीय शिक्षा मंत्री विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ निराधार और गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं, जिसकी कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है।

उन्होंने सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों से अपील की कि ज्ञापन कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि देश के प्रतिभागी युवाओं की आवाज बुलंद हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story