प्रधानमंत्री देश की वास्तविक आर्थिक स्थिति स्पष्ट करें : नरेश चौहान
शिमला, 14 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देशवासियों से ईंधन की बचत करने, विदेशी यात्राएं कम करने और सोने की खरीद पर संयम बरतने की अपील संभावित आर्थिक संकट की ओर संकेत करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देश की वास्तविक आर्थिक स्थिति जनता के सामने स्पष्ट करनी चाहिए।
नरेश चौहान ने वीरवार को एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति और कर्मचारियों के वेतन को लेकर दिया गया बयान तथ्यों से परे है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की आर्थिक स्थिति लगातार मजबूत हो रही है और कर्मचारियों के वेतन भुगतान में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत दुनिया के सबसे अधिक कर्ज वाले देशों में शामिल हो चुका है और इस विषय पर केंद्र को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार वास्तव में हिमाचल प्रदेश की चिंता करती है तो राज्य को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जाना चाहिए तथा बंद की गई आरडीजी सहायता को पुनः बहाल किया जाना चाहिए। चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू कर प्रदेश के 1.36 लाख कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान की है। साथ ही महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता देने की योजना भी चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है।
नगर निगम चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की चारों नगर निगमों में कांग्रेस को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंडी से चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में पालमपुर, धर्मशाला तथा सोलन में भी प्रचार करेंगे।
सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नरेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में कई दूरदर्शी और ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। शिक्षा क्षेत्र में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम लागू करना तथा करीब 150 स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ना सरकार के बड़े निर्णय हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव भविष्य में देखने को मिलेगा।
नीट पेपर लीक मामले पर उन्होंने इसे बेहद गंभीर बताते हुए केंद्र सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और छात्रों का भविष्य सुरक्षित करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

