आनंद शर्मा का बयान उनका निजी विचार, कांग्रेस केंद्र की नीतियों के खिलाफ खड़ी: कर्मवीर बौद्ध

WhatsApp Channel Join Now
आनंद शर्मा का बयान उनका निजी विचार, कांग्रेस केंद्र की नीतियों के खिलाफ खड़ी: कर्मवीर बौद्ध


शिमला, 05 अप्रैल (हि.स.)। खाड़ी देशों में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच कांग्रेस पार्टी के भीतर बयानों को लेकर अलग-अलग राय सामने आने लगी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आंनद शर्मा द्वारा केंद्र की मोदी सरकार की कूटनीति की तारीफ किए जाने पर पार्टी के राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध ने इसे उनका व्यक्तिगत विचार बताया और कहा कि कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार की नीतियों का लगातार विरोध करती रही है।

शिमला में कांग्रेस कार्यालय में रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कर्मवीर सिंह बौद्ध ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि आनंद शर्मा ने किस आधार पर यह बयान दिया, लेकिन यह उनका निजी मत हो सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक लाइन स्पष्ट है और वह केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ खड़ी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दावों पर भी सवाल उठाए। बौद्ध ने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार देश में सब कुछ ठीक होने की बात करती है, जबकि दूसरी ओर आम लोगों को समय पर रसोई गैस सिलेंडर जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में देश आर्थिक संकट की चपेट में आ सकता है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए राज्यसभा की 68 सीटों के चुनाव में संख्या बल नहीं होने के बावजूद भाजपा ने कई जगह निर्दलीय उम्मीदवार उतारे। उनका आरोप था कि भाजपा धनबल और विधायकों की खरीद-फरोख्त के जरिए अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करती है और बड़ी संख्या में राज्यसभा सांसद ऐसे तरीकों से चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक संकेत नहीं है।

कर्मवीर सिंह बौद्ध ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल में समान अधिकार और संतुलित विकास की नीति पर काम किया जा रहा है और सरकार आम लोगों के हितों को ध्यान में रखकर फैसले ले रही है।

इससे पहले कांग्रेस कार्यालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री और स्वतंत्रता सेनानी बाबू जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर कर्मवीर सिंह बौद्ध ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने दलितों, वंचितों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी समाज और राजनीति के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story