कांग्रेस में अंदरूनी कलह उजागर, नेता प्रदीप चौहान शिमला में भूख हड़ताल पर
शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के भीतर असंतोष खुलकर सामने आया है। सिरमौर जिला में पांवटा साहिब ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति से नाराज़ कांग्रेस नेता और पूर्व भंगानी ज़ोन अध्यक्ष प्रदीप चौहान शिमला स्थित कांग्रेस भवन के बाहर गुरूवार को 24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
प्रदीप चौहान का कहना है कि वह लंबे समय से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद गिरिपार क्षेत्र को संगठन में उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा। उनके अनुसार, हाल ही में हुई नियुक्तियों में ब्लॉक अध्यक्ष समेत अधिकांश पद पांवटा साहिब क्षेत्र के लोगों को दिए गए हैं, जबकि गिरिपार से किसी को भी प्रदेश कार्यकारिणी, जिला या ब्लॉक स्तर पर जगह नहीं मिली है।
उन्होंने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से मांग की है कि मौजूदा ब्लॉक अध्यक्ष सरदार हरप्रीत रतन को पद से हटाया जाए और उनकी जगह गिरिपार क्षेत्र से किसी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी दी जाए। चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित नेता पहले विधानसभा चुनाव के दौरान बागी होकर भाजपा में शामिल हुए थे और बाद में फिर कांग्रेस में लौट आए, जिसके बावजूद उन्हें अहम पद दे दिया गया।
चौहान का कहना है कि इससे जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं में नाराज़गी बढ़ रही है और उनका मनोबल गिर रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी को उन लोगों को आगे बढ़ाना चाहिए जो लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे हैं, न कि अवसर के अनुसार दल बदलने वालों को।
उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर शिमला में कोई कार्रवाई नहीं होती है तो वह दिल्ली जाकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भी धरना देंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

