हिमाचल की वित्तीय स्थिति पर सियासी घमासान: कांग्रेस ने जयराम ठाकुर पर साधा निशाना, केंद्र पर भी भेदभाव का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल की वित्तीय स्थिति पर सियासी घमासान: कांग्रेस ने जयराम ठाकुर पर साधा निशाना, केंद्र पर भी भेदभाव का आरोप


शिमला, 25 मार्च (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर प्रदेश की वित्तीय स्थिति को लेकर झूठ बोलने,भ्रम फैलाने व देश व प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की मौजूदा वित्तीय स्थिति पूर्व भाजपा सरकार की देन है। 70 हजार करोड़ से अधिक का ऋण व 10 हजार करोड़ से अधिक की कर्मचारियों की देनदारियां प्रदेश की कांग्रेस सरकार को विरासत में मिली है। बाबजूद इसके प्रदेश सरकार कर्मचारियों की देनदारियों के साथ साथ प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा राहत कार्यो को पूरा किया। केंद्र से कोई भी राहत न मिलने के बावजूद प्रभावित परिवारों का पुनर्वास किया।

विनय कुमार ने बुधवार को जयराम ठाकुर के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अच्छा होता अगर प्रधानमंत्री के समक्ष वह प्रदेश के राजस्व घाटा अनुदान बहाल करने व आपदा राहत घोषणा की याद दिलाते हुए उनके द्वारा घोषित 15 हजार करोड़ जारी करने बारे कोई आग्रह करते।

उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान बंद होने से भविष्य में प्रदेश के विकास कार्य प्रभावित हो सकते है। उन्होंने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान बंद होना किसी राजनीति दल का नुकसान नहीं है, यह प्रदेश के अधिकारों और उसके हक की लड़ाई है। दुर्भाग्य से प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई से भाजपा भाग रही है, उनके कोई भी नेता केंद्र सरकार से आरडीजी बहाल करने पर कोई बात नही कर रहें है।

विनय कुमार ने जयराम ठाकुर के मीडिया को दिए गए उस बयान पर जिसमें उन्होंने प्रदेश में वित्तीय आपातकाल की ओर बढ़ने की बात कही है को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की वित्तीय स्थिति के सुधार के लिये बजट में कुछ कड़े फैंसले लिए है। उन्होंने कहा कि आगे आने वाले समय में प्रदेश की वित्तीय स्थिति में सुधार होगा व प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर बढेगा। उन्होंने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार प्रदेश के साथ भेदभाव कर रही है और इसमें प्रदेश के भाजपा नेता भी शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story