कांग्रेस को केवल फर्जी वोट कटने का दर्द, सत्ता की लालसा में अराजकता फैला रहे : राजेंद्र राणा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस को केवल फर्जी वोट कटने का दर्द, सत्ता की लालसा में अराजकता फैला रहे : राजेंद्र राणा


हमीरपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के देशव्यापी 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जन जागरण पदयात्रा 4 नवंबर को हमीरपुर में होगी। जिसमें सुजानपुर सहित संसदीय क्षेत्र की सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता और आम जनता कुमार पैलेस के समीप बाईपास पर एकत्रित होंगे। वहां से सुबह करीब 11 बजे पदयात्रा भोटा चौक, मुख्य बाजार होते हुए गांधी चौक पहुंचेगी, जहां प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और स्थानीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर जनसभा को संबोधित करेंगे।

भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने एक बयान में आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा की लगातार तीसरी पारी से कांग्रेस बुरी तरह झल्ला गई है। सत्ता की तड़प में कांग्रेस किसी भी स्तर तक नीचे गिरने को तैयार बैठी है, इसलिए आज पूरे देश में अराजकता फैला रही है। कांग्रेस के इन हथकंडों का एक ही लक्ष्य देश की उन्नति में बाधा डालना है।

एसआईआर को लेकर कांग्रेस के भ्रम पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि एसआईआर से कांग्रेस परेशान क्यों है? अगर वोट चोरी हो रहे हैं तो सबूत देते। लेकिन सबूत मांगने पर कांग्रेस कोई जवाब ही नहीं देती। इस मुद्दे पर कांग्रेस का स्टैंड ही क्लियर नहीं है कि एसआईआर सही है या गलत? उन्होंने पूछा कि अगर एसआईआर गलत है तो क्या कांग्रेस चाहती है कि विदेशी घुसपैठिए हमारा देश चलाएं और एक ही नागरिक 2-2 जगह वोट डाले जिससे लोकतंत्र कमजोर हो?

उन्होंने कहा कि अपनी ही सरकारों द्वारा शुरू की गई एसआईआर प्रक्रिया पर आज उंगली उठाने वाले याद रखें कि हाथ की शेष उंगलियां उन्हीं की ओर इशारा कर उन्हें ही दोषी ठहरा रही हैं। इससे 2 बातें स्पष्ट होती हैं कि या तो विदेशी घुसपैठ को अप्रत्यक्ष समर्थन देकर कांग्रेस की पूर्व सरकारें केवल दिखावे और लोगों की आंखों में धूल डालने के लिए वर्षों से एसआईआर करवाकर अपनी साफ-सुथरी छवि होने का ढोंग रचती रहीं और अब जब सही मायनों में एसआईआर हो रहा है और फर्जी वोट कट रहे हैं तो कांग्रेस को तकलीफ हो रही है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में फर्जी वोट नहीं, सच्चे वोटर का अधिकार सुरक्षित होता है और भाजपा इसी सच्चे लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़क पर उतरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story