शिमला में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का केंद्र पर हमला, उदय भानु चिब की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर प्रहार
शिमला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति का उदाहरण है।
विनय कुमार ने कहा कि किसी युवा नेता को शांतिपूर्वक अपनी बात रखने पर गिरफ्तार करना दर्शाता है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार युवाओं की आवाज और सवालों से घबराने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान माहौल में असहमति को अपराध और विरोध को देशद्रोह बताने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने वाला कदम है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार इस अधिकार को दबाने में लगी है। इतिहास गवाह है कि जब-जब युवाओं और विपक्ष की आवाज दबाई गई है, सत्ता का पतन भी उतनी ही तेजी से हुआ है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को यह नहीं भूलना चाहिए कि देश संविधान से चलता है, किसी एक व्यक्ति की मनमर्जी से नहीं। उन्होंने केंद्र से दमन की राजनीति छोड़कर संवाद और जवाबदेही की राह अपनाने की अपील की।
रोहड़ू प्रकरण पर भी जताई आपत्ति
विनय कुमार ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस द्वारा रोहड़ू से तीन युवा कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेकर दिल्ली ले जाने का प्रयास गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण और पर्यटन राज्य हिमाचल प्रदेश को अशांत करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने प्रदेश पुलिस द्वारा युवा नेताओं को दिल्ली पुलिस से छुड़ाने की सराहना की और कहा कि प्रदेश कांग्रेस इस कथित गैरकानूनी कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ उदय भानु चिब के साथ खड़ी है और लोकतांत्रिक अधिकारों, युवाओं की आवाज तथा संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

