हिमाचल आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बने दीपक राठौर, सरकार ने सदस्य भी किया नामित
शिमला, 26 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक राठौर को हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीएसडीएमए) का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें प्राधिकरण का सदस्य भी नामित किया गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के बाद उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण राज्य में प्राकृतिक आपदाओं, भूस्खलन, बाढ़, बादल फटने और अन्य आपदा संबंधी परिस्थितियों से निपटने के लिए नीतियां तैयार करने वाली शीर्ष संस्था है। यह प्राधिकरण विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने, आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करने और राज्य स्तर पर रणनीति तय करने का काम करता है। इसका नेतृत्व मुख्यमंत्री करते हैं।
राजस्व विभाग (आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 14(3) के तहत दीपक राठौर को प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नामित किया है। वहीं उन्हें धारा 14(2)(बी) के तहत प्राधिकरण का सदस्य भी नियुक्त किया गया है। अधिसूचना मुख्य सचिव (राजस्व) कमलेश कुमार पंत की ओर से जारी की गई है।
दीपक राठौर शिमला जिले के मतियाना क्षेत्र के गांव उडेर के निवासी हैं और लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं। वह वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में ठियोग सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार भी रह चुके हैं। संगठनात्मक राजनीति में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
दीपक राठौर वर्तमान में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय महासचिव हैं। इससे पहले वह संगठन के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। उन्होंने छात्र राजनीति के दौरान एनएसयूआई से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और बाद में युवा कांग्रेस में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
कांग्रेस के भीतर उन्हें संगठनात्मक रूप से सक्रिय नेताओं में गिना जाता है।
राजनीतिक गलियारों में उन्हें कांग्रेस नेता राहुल गांधी के करीबी नेताओं में भी माना जाता है। अब राज्य सरकार ने उन्हें हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में अहम जिम्मेदारी सौंपते हुए उपाध्यक्ष और सदस्य के रूप में नियुक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

