कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, उपायुक्त कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, उपायुक्त कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन


शिमला, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं को कथित रूप से हिरासत में लिए जाने तथा शांतिपूर्ण मार्च कर रहे सांसदों के साथ दिल्ली पुलिस के कथित दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस ने वीरवार को शिमला में काला दिवस मनाया। डीसीसी शिमला ग्रामीण के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में चल रहे अपने आंदोलन के समर्थन में शिमला में भी प्रदर्शन किया।

डीसीसी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल ने कहा कि जिला मुख्यालय पर यह प्रदर्शन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और इंडिया गठबंधन के 300 से अधिक सांसदों के साथ एकजुटता जताने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और सांसदों के साथ कथित तौर पर किया गया व्यवहार चिंता का विषय है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को काला दिवस के रूप में मनाया।

हिमराल ने कहा कि कांग्रेस मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, जिला शिमला के विभिन्न ब्लॉक और ग्राम स्तर पर विरोध-प्रदर्शन जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध आगे भी दर्ज कराते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story