भाजपा ने थोपा प्रदेश पर उपचुनाव का बोझ: प्रदेश कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 11 जून (हि.स.)। विधायक एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष चन्द्रशेखर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश पर उपचुनाव का बोझ डालने के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भारतीय जनता पार्टी जिम्मेदार है। राज्य सरकार गिराने का षडयंत्र करने के लिए भाजपा को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर ने मंगलवार को यहां एक बयान जारी कर कहा कि भाजपा ने धनबल के प्रभाव से कांग्रेस के छह विधायकों की खरीद फरोख्त की और तीन निर्दलीय विधायकों को भी इस्तीफा देने के लिए उकसाया। उन्होंने आरोप लगाया कि तीनों निर्दलीय विधायकों ने धनबल के प्रभाव में आकर अपने इस्तीफे विधानसभा अध्यक्ष को सौंपे और भाजपा के साथ डील को पूरा कर भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार निर्दलीय विधायकों ने अपने पद से इस्तीफे दिये हैं, जबकि वे किसी भी दल को समर्थन दे सकते थे। इनके इस्तीफे के पीछे क्या कारण रहे हैं, वे जनता को बताएं।

चन्द्रशेखर ने कहा कि जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री की कुर्सी हथियाने के लिए अनैतिक तौर-तरीके अपनाकर एक चुनी हुई सरकार को गिराने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के निजी स्वार्थ में प्रदेश की जनता पर उपचुनाव का बोझ डाला है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता खरीद फरोख्त की राजनीति को नकार चुकी है और हाल ही में प्रदेश के मतदाताओं ने दलबदलू विधायकों को घर बैठाकर इसका जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता को खरीद फरोख्त की राजनीति पसन्द नहीं आई है और अब तीन सीटों पर हो रहे उपचुनाव में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। इस हार को देखने के बाद इस्तीफा देने वाले तीन निर्दलीय विधायकों को भाजपा का टिकट देने पर भी पुनर्विचार किया जा रहा है। कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को सरकार गिराने का षड्यंत्र रचने के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए और अपने पाप का प्रायश्चित करना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील/सुनील

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story