महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, पांवटा साहिब में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
नाहन, 22 मई (हि.स.)। पांवटा साहिब में डीजल, पेट्रोल और गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। कांग्रेस मंडल अध्यक्ष की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह से जोरदार रोष रैली निकाली गई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष हरप्रीत रतन और पूर्व मंडल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल तक के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री महंगाई पर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों को राहत नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि आज हर घर का बजट बिगड़ चुका है और जनता परेशान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

