सोलन में पानी, कूड़ा और रोजगार के मुद्दों पर कांग्रेस पर बरसे डॉ. राजीव बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
सोलन में पानी, कूड़ा और रोजगार के मुद्दों पर कांग्रेस पर बरसे डॉ. राजीव बिंदल


सोलन, 05 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को सोलन में नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्व नगर निगम केवल आंतरिक कलह में उलझी रही, जबकि जनता मूलभूत समस्याओं से जूझती रही।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में मुफ्त पानी देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत यह रही कि कई क्षेत्रों में 14 से 15 दिनों तक पानी की सप्लाई बाधित रही। इसके बावजूद लोगों को हजारों रुपये के बिल भरने पड़े और मजबूर होकर टैंकरों से पानी खरीदना पड़ा। उन्होंने इसे “कांग्रेस की गारंटी नहीं, बल्कि जनता के साथ खुला धोखा” बताया।

उन्होंने कहा कि सोलन की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और कांग्रेस सरकार व नगर निगम दोनों को हटाना समय की मांग बन गया है। बिंदल के अनुसार, कांग्रेस ने चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता को निराश किया।

कूड़ा प्रबंधन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कूड़ा शुल्क न लेने का वादा किया था, लेकिन न केवल शुल्क लगाया गया बल्कि कई गुना बढ़ाकर वसूला गया, जबकि सफाई व्यवस्था बदहाल रही। उन्होंने हाउस टैक्स बढ़ाने का भी आरोप लगाया और कहा कि इसके बावजूद लोगों को कोई राहत नहीं मिली।

महिलाओं से किए गए वादों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि ₹1500 प्रतिमाह देने की घोषणा के बावजूद 42 महीने बीत जाने पर भी लाखों महिलाओं को कोई लाभ नहीं मिला। युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि एक लाख सरकारी नौकरियों का वादा भी पूरा नहीं हुआ और रोजगार के अवसर घटे हैं।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कर्मचारी, पेंशनर्स और आम जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और विरोध के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार केवल अपने करीबी लोगों के हित में काम कर रही है और आम जनता की उपेक्षा हो रही है।

उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा की जीत का सिलसिला जारी है और हिमाचल प्रदेश में भी जल्द परिवर्तन देखने को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि सोलन नगर निगम में भाजपा की जीत तय है, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Share this story