नगर निगम चुनावों के लिए कांग्रेस ने मांगे आवेदन, 26 अप्रैल तक अंतिम तिथि
शिमला, 24 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला नगर निगम चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवारों से 26 अप्रैल तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने आवेदन संबंधित ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के पास जमा कराने होंगे। आवेदन स्वीकार करने की अंतिम समय सीमा 26 अप्रैल शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
विनय कुमार ने शुक्रवार को बताया कि इन नगर निगम चुनावों के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित चुनाव समिति ही पार्टी प्रत्याशियों का चयन करेगी। सभी आवेदन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के माध्यम से जिला कांग्रेस अध्यक्ष के जरिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजे जाएंगे। इसके बाद चुनाव समिति द्वारा आवेदनों की जांच-पड़ताल की जाएगी और प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।
इसके अलावा विनय कुमार ने विकास कालटा और प्रदीप सूर्या को अपना राजनीतिक सचिव नियुक्त किया है। इस संबंध में प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने अधिसूचना जारी कर दी है।
गौरतलब है कि विकास कालटा और प्रदीप सूर्या पहले एनएसयूआई और युवा कांग्रेस में प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। दोनों ही पूर्व में प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिव पद की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

