शंभूवाला में आवारा कुत्ते को रोटी देने पर भिड़े दो पक्ष, पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस
नाहन, 10 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय नाहन के नजदीकी गांव मक्कड़वाली (शंभूवाला) में आवारा कुत्ते को रोटी डालने जैसी मामूली बात पर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। विवाद में दोनों तरफ से लात-घूंसे चले और जान से मारने की धमकियां दी गईं। पुलिस थाना नाहन ने दोनों ही पक्षों की शिकायतों के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की ओर से निशा देवी (पत्नी चमन लाल, निवासी ग्राम मक्कड़वाली) ने 9 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार बीती 5 जून की रात को आवारा कुत्ते को रोटी देने की बात को लेकर उनके परिवार में बहस शुरू हुई थी।
आरोप है कि इस बहसबाजी के बाद मामचन्द ने उनके परिवार के मोहन लाल के साथ बुरी तरह मारपीट की और उन्हें चोटें पहुंचाईं। इसके अलावा दूसरे पक्ष के गौरव, दीपक और बलबीर पर पीड़ित परिवार को सरेआम जान से मारने की धमकियां देने का भी आरोप है। पुलिस ने इस शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं, दूसरी ओर से पलटवार करते हुए मामचन्द (पुत्र स्वर्गीय देवी राम, निवासी ग्राम मक्कड़वाली) ने भी उसी दिन (9 जून) पुलिस में क्रॉस एफआईआर दर्ज करवाई। मामचन्द का कहना है कि विवाद 6 जून की रात को आवारा कुत्ते को रोटी देने के मुद्दे पर ही शुरू हुआ था।
मामचन्द ने आरोप लगाया कि मोहन लाल, उसका बेटा विशाल, विजेन्द्र और विनय कुमार लाठी-डंडे लेकर उनके घर के आंगन में घुस आए। इन लोगों ने पहले मामचन्द का रास्ता रोका और फिर उनके साथ जमकर मारपीट की। जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
एक ही गांव और एक ही परिवार से जुड़े इस मामले में दोनों तरफ से गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस थाना नाहन ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मौके पर जाकर गवाहों के बयान दर्ज कर रही है ताकि विवाद की असली वजह और मारपीट की शुरुआत किसने की, इसका पता लगाया जा सके।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मक्कड़वाली गांव में कुत्ते को रोटी देने के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर आगामी अन्वेषण शुरू कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

