महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस देगी जवाब, तीन दिन में जिला मुख्यालयों पर प्रेस वार्ताएं
शिमला, 20 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के तहत प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि इस मुद्दे पर फैलाए जा रहे भ्रम का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रदेश के कांग्रेस नेताओं को निर्देश दिए हैं कि आगामी तीन दिनों के भीतर सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस वार्ताएं आयोजित कर भाजपा के आरोपों का तथ्यात्मक जवाब दें और जनता को सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
इस संबंध में प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा ने एक सर्कुलर जारी किया है, जिसमें विभिन्न जिलों में होने वाली प्रेस वार्ताओं की जिम्मेदारी नेताओं को सौंपी गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शिमला में, विनय कुमार कांगड़ा में, आशा कुमारी चंबा में, विक्रमादित्य सिंह शिमला में, जैनब चंदेल सोलन में, हर्षवर्धन चौहान नाहन में, राजेश धर्माणी बिलासपुर में, आर एस बाली हमीरपुर में, चंद्र शेखर मंडी में, जगत सिंह नेगी किन्नौर में, अनुराधा राणा लाहौल-स्पीति में और विद्या नेगी कुल्लू में प्रेस वार्ता करेंगी।
कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर सच्चाई जनता के सामने रखी जाएगी और भाजपा के दुष्प्रचार को बेनकाब किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

