कांग्रेस हाई कमान जनता की मर्जी से करेगी टिकटों का आवंटन: रजनी पाटिल

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस हाई कमान जनता की मर्जी से करेगी टिकटों का आवंटन: रजनी पाटिल


मंडी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने मंडी के गांधी भवन में शुक्रवार को वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर रजनी पाटिल ने जहां केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हल्ला बोला। वहीं पर कांग्रेस के नेताओं को भी चेताया कि वे इस मुगालते में न रहें कि उन्हें किसी के कहने पर टिकट मिल जाएगा।

रजनी पाटिल ने स्पष्ट किया कि न तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और न ही मुख्यमंत्री के कहने पर टिकटों का आंवटन होगा। बल्कि हाईकमान द्वारा ग्राउंड रियल्टी और जनता के रूझान को देखते हुए ही उम्मीदवार को टिकट दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि दो-तीन बार हारे उम्मीदवारों को ही फिर टिकट दिया जाएगा, अगर लोग नहीं चाहेंगे तो किसी का भी टिकट रिपीट नहीं होगा। रजनी पटिल ने प्रदेश के नेताओं के नाम पर नारेबाजी करने वालों को कहा कि नारों से सरकार रिपीट नहीं होगी, जमीन पर काम करके दिखाना होगा। इसलिए सरकार और संगठन मिलकर प्रदेश के लोगों के हित में कार्य करें।

उन्होंने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि भारत के निर्माण में कांग्रेस पार्टी का अभूतपूर्व योगदान रहा है, जिसे समस्त जनता स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की उच्च तथा स्वस्थ विचारधारा को देश के कोने-कोने से उन्हें मिल रहा अपार समर्थन केंद्र सरकार के लिए गले की हड्डी बन गया है।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश में नवनियुक्त पर्यवेक्षक कमलकांत शर्मा के पहली बार मंडी पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न राजनीतिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वे सभी विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे और आगामी वर्ष होने वाले चुनावों में कांग्रेस को विजयी बनाएंगे।

वोट चोरी के मामले पर उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा लगभग चौदह करोड़ फर्जी वोटों की हेराफेरी का मामला सामने आया है। लेकिन केंद्र सरकार टस से मस नहीं हो रही है। उन्होंने वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और सभी मंडल अध्यक्षों से बैठकें करने तथा लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया। हिमाचल कांग्रेस के महासचिव विनोद जिंटा ने एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित महारैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया तथा सभी मंडल अध्यक्षों से दृढ़ता से कार्य करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने भी संबोधित किया। जबकि जिला अध्यक्षा चम्पा ठाकुर ने कहा कि उन्होंने मजबूत संगठन तैयार किया है तथा आगामी वर्ष होने वाले चुनावों में मंडी जिले की सभी सीटों पर जीत हासिल करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story