ऊना के बिहडू में 2.47 करोड़ से बना उप-तहसील कार्यालय भवन, मुख्यमंत्री सुक्खू ने वर्चुअली किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
ऊना के बिहडू में 2.47 करोड़ से बना उप-तहसील कार्यालय भवन, मुख्यमंत्री सुक्खू ने वर्चुअली किया उद्घाटन


शिमला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में राजस्व संबंधी कामकाज के लिए लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से बिहडू में 2 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित उप-तहसील कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन से स्थानीय लोगों को राजस्व संबंधी कार्य करवाने में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस भवन के निर्माण के लिए स्थानीय विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विधायक क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान और उनके काम पूरे करवाने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को नए भवन की बधाई भी दी।

मुख्यमंत्री ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि मटियाणा-बंगाणा के बीच पुल के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अतिरिक्त, 15 करोड़ रुपये की लागत से तुरकाल-पंगा पेयजल आपूर्ति योजना का निर्माण किया जा रहा है। इस योजना से संबंधित क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों की स्थिति सुधारने और सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत लठियाणी-कोडरा सड़क के लिए 8 करोड़ 36 लाख रुपये, बंगाणा-शांतला सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 12 करोड़ रुपये और हटली-तलपी सड़क के निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।

इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों की मांगों और समस्याओं के प्रति संवेदनशील हैं तथा उनके समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम कर रहे हैं। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए धन की कमी नहीं आने दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766080 Articles

Share this story