किशाऊ समझौते का श्रेय हिमाचल की जनता और कांग्रेस सरकार को : मुख्यमंत्री सुक्खू

WhatsApp Channel Join Now
किशाऊ समझौते का श्रेय हिमाचल की जनता और कांग्रेस सरकार को : मुख्यमंत्री सुक्खू


हमीरपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों की लड़ाई कांग्रेस सरकार ने मजबूती से लड़ी है। इसलिए समझौते का श्रेय भी प्रदेश की जनता और राज्य सरकार को जाता है। मुख्यमंत्री वीरवार को नादौन विधानसभा क्षेत्र के रैल में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किशाऊ परियोजना को लेकर कई स्तरों पर पैरवी की और यह सुनिश्चित किया कि हिमाचल के हित सुरक्षित रहें। 15 सितंबर को हिमाचल सहित छह राज्यों ने परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। केंद्र सरकार के अनुसार परियोजना की जल घटक लागत का 90 प्रतिशत केंद्र वहन करेगा।

मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं अनुराग सिंह ठाकुर और जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें उत्तराखंड से पूछना चाहिए कि वहां इस समझौते को लेकर क्या चिंताएं हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल को बिना अतिरिक्त वित्तीय बोझ के परियोजना से लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के अधिकारों के लिए आगे भी मजबूती से पैरवी करती रहेगी और बीबीएमबी के एरियर की राशि भी जल्द मिलने की उम्मीद है।

सुक्खू ने पिछली भाजपा सरकार पर प्रदेश की संपदा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रदेश को 401 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। जेएसडब्ल्यू से अतिरिक्त रॉयल्टी के मामले में भी उन्होंने प्रदेश को करीब 150 करोड़ रुपये वार्षिक अतिरिक्त आय होने का दावा किया।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता बढ़ाई गई है तथा डायग्नॉस्टिक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में सीबीएसई स्कूलों और नए पाठ्यक्रमों पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 तक हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने का है। नादौन के करनडोला में इसी वर्ष देश का पहला अलाइड हेल्थ केयर कॉलेज शुरू करने तथा पॉलिटेक्निक और आईटीआई में न्यू एज कोर्स शुरू करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।

मुख्यमंत्री ने नादौन स्थित रैल में दो करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने 2.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किए जाने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैल के भवन तथा 9.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नादौन के अतिरिक्त भवन खंड का शिलान्यास भी किया। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने रैल में जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ और पौधरोपण भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story