नगर निगमों के चुनाव नतीजे पूरे प्रदेश का जनादेश नहीं, पंचायतों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को मिला जनसमर्थन: मुख्यमंत्री सुक्खू

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगमों के चुनाव नतीजे पूरे प्रदेश का जनादेश नहीं, पंचायतों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को मिला जनसमर्थन: मुख्यमंत्री सुक्खू


शिमला, 31 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों के नतीजों को लेकर विपक्षी दल भाजपा के दावों पर पलटवार करते हुए कहा है कि नगर निगम चुनावों को पूरे प्रदेश का जनादेश बताना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनावों में मतदाता स्थानीय विधायक, स्थानीय मुद्दों और क्षेत्रीय नेतृत्व को देखकर मतदान करते हैं, जबकि प्रदेश की वास्तविक राजनीतिक तस्वीर पंचायत और जिला परिषद चुनावों के नतीजों से सामने आएगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने रविवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा नगर निगम चुनावों में मिली सफलता को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है, जबकि पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिला है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में करीब 2400 प्रधान और 2300 उपप्रधान कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं। इसके अलावा जिला परिषद चुनावों में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को बढ़त मिल रही है और अंतिम परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आएंगे।

सुक्खू ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में स्थानीय कारकों की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं काउंसलर का चुनाव लड़ चुके हैं और जानते हैं कि ऐसे चुनावों में स्थानीय नेतृत्व और क्षेत्रीय मुद्दे निर्णायक होते हैं।

मुख्यमंत्री ने मंडी नगर निगम चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भाजपा की सफलता में स्थानीय विधायक अनिल शर्मा की भूमिका रही, जबकि धर्मशाला में स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा का प्रभाव देखने को मिला। ऐसे में नगर निगम चुनावों के आधार पर पूरे प्रदेश का राजनीतिक माहौल तय नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला परिषद चुनाव प्रदेश के करीब 70 प्रतिशत विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हैं और इन्हीं नतीजों से प्रदेश की राजनीतिक दिशा अधिक स्पष्ट होगी। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा जल्दबाजी में जीत के दावे कर रही है, जबकि पूरी तस्वीर अभी सामने आनी बाकी है।

सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों का असर चुनावी नतीजों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी परिणाम आने के बाद कांग्रेस की स्थिति और मजबूत होकर सामने आएगी।

मुख्यमंत्री ने भाजपा के अंदर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी कई गुटों में बंटी हुई है। उन्होंने कहा कि सोलन में भाजपा को जीत जरूर मिली है, लेकिन वहां भी स्थानीय समीकरणों ने भूमिका निभाई। सुक्खू ने दावा किया कि मंडी नगर निगम को छोड़ दिया जाए तो नगर परिषद, नगर पंचायत और पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को बेहतर सफलता मिली है और यही नतीजे प्रदेश में कांग्रेस के प्रति जनसमर्थन को दर्शाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story